मराठी फिल्म‘बारा वर्षे सहा महीने’ की शूटिंग पूर्ण
प्रजापति इन्टरटेनमेंट्स कृत मराठी फिल्म ‘बारा वर्षे सहा महीने’की दो दिवसीय शूटिंग शेड्यूल पिछले दिनों सिलवासा (गुजरात) में सम्पन्न हुई और इसके साथ ही इस फिल्म की समस्त शूटिंग पूर्ण हो गयी है। इस फिल्म के लेखक-निर्देशक-गीतकार हैं, ए.टी. पिपरे एवं निर्माता जितेन्द्र प्रजापति हैं। संगीतकार दलीप वर्मन, कोरियोग्राफर प्रवीण बारिया एवं कैमरामैन शीजू पाल हैं। मुख्य कलाकार हैं-विजय पाटकर, संजीवनी शर्मा, गणेश परदेसी, राजू गायकवाड़, तन्वी गांजावाला, योगेश राजगुरु, उल्हास सुले, मास्टर श्रीहरि अभयंकर (टाईटल रोल) एवं बेबी कृतिना वर्तक। इस फिल्म के लेखक-निर्देशक ए.टी. पिपरे ने बताया कि यह फिल्म एक साढ़े बारह वर्षीय लड़के पर आधारित है। एक घटना के तहत उसके माता पिता कोमा में चले जाते हैं, जिससे उस पर मुसीबत टूट पड़ती है। वह अपना खुद का रेस्टोरेंट का बिजनेस खोल देता है और उससे होनेवाली आय से अपनी पढ़ाई करता है। अपनी बहन का पालन पोषण करता है तथा अस्पताल में अपने माता-पिता का इलाज भी करवाता है। इसी बीच बाल मजदूरी अधिनियम के तहत एक 'एन जी ओ' के द्वारा उस लड़के पर केश कर दिया जाता है।यहीं से फिल्म का क्लाइमेक्स शुरू होता है। बाद में वह लड़का अदालत में साबित कर देता है कि वह बाल मजदूर नहीं, बल्कि वो अपने घर परिवार को संभालने और माता पिता का इलाज़ कराने के लिए उसने अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया है। यह पूरी तरह से पारिवारिक मनोरंजक संदेशपरक फिल्म है।
संवाद प्रेषक: काली दास पाण्डेय
Post a Comment